चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आमजन से जुड़े विषयों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध पहुंचाने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपर्क पोर्टल के परिवादों का हो गुणवत्तापूर्ण निस्तारण-
संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल निस्तारण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।
जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा-
बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक भी हुई। जल जीवन मिशन के स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। ‘हर घर जल’ प्रमाणन की प्रक्रिया समयबद्ध करने तथा प्रमाणन से पहले आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने को कहा।
कम वर्षा को देखते हुए बांधों एवं अन्य जल स्रोतों में उपलब्ध पानी और आगामी पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलक्टर ने जल स्रोतों की सतत निगरानी और आवश्यकता के अनुसार अग्रिम कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए। परिवहन द्वारा जलापूर्ति से जुड़े लंबित भुगतानों का भी नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा की भी समीक्षा-
बैठक में बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर और लंबित शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक सुविधाएं, मरीजों को समय पर उपचार और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों से जुड़ी योजनाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। कलक्टर ने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में ओएसडी रविंद्र मेघवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।