चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ उपखंड क्षेत्र के सेमलपुरा, विजयपुर, सादी और बस्सी में एक दिवसीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविरों में राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, वन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, ऊर्जा, कृषि, योजना, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, श्रम, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन, परिवहन, सहकारिता, शिक्षा, आयुष, सैनिक कल्याण, सार्वजनिक निर्माण तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।
अधिकारियों ने किया शिविरों का निरीक्षण-
सेमलपुरा ग्राम पंचायत में शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी चित्तौड़गढ़ तथा सह प्रभारी नायब तहसीलदार रहे। विजयपुर में विकास अधिकारी चित्तौड़गढ़, सादी में अतिरिक्त विकास अधिकारी पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ तथा बस्सी में तहसीलदार बस्सी प्रभारी अधिकारी रहे।
सभी शिविरों का निरीक्षण उपखंड अधिकारी चित्तौड़गढ़ दिलीप सिंह ने किया। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
सेमलपुरा में पशु बीमा पॉलिसियां वितरित-
सेमलपुरा शिविर में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत चान्दी बाई पत्नी राधेश्याम, निर्मला बाई पत्नी निर्भयाराम धाकड़, सुमित्रा बाई पत्नी शोभालाल धाकड़ तथा कान्ति बाई पत्नी जगदीश लाल धाकड़ को पशु बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं।
कृषि विभाग की योजनाओं के तहत बोतलाल पुत्र प्यारचंद धाकड़ को बैल से खेती के लिए 30 हजार रुपए, प्रकाश चन्द्र पुत्र बद्रीलाल को प्राकृतिक खेती के लिए 8 हजार रुपए तथा राधेश्याम पुत्र डालचंद धाकड़ को प्राकृतिक खेती के लिए 8 हजार रुपए का लाभ दिया गया। घीसूलाल पुत्र कान्हा धाकड़ और रतनलाल पुत्र प्यारचंद धाकड़ को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए।
इसके अलावा सहमति से दो विभाजन तथा धारा 136 के तहत 59 रिकॉर्ड की शुद्धि की गई।
बस्सी में भी ग्रामीणों को मिली विभिन्न सेवाएं-
बस्सी में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग द्वारा चार सहमति विभाजन कर काश्तकारों को राहत प्रदान की गई। ग्राम पंचायत बस्सी द्वारा तीन पुश्तैनी पट्टे जारी किए गए, जबकि परिवहन विभाग ने निःशुल्क पास जारी किए।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत एक पशुपालक का पशु बीमा किया गया। कृषि विभाग द्वारा 38 मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए तथा शिक्षा विभाग द्वारा दो छात्रवृत्तियां स्वीकृत की गईं।
शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही सेवाएं एवं लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।