चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी के सावा और घोसुंडा मंडल की संगठनात्मक बैठक आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर आयोजित हुई। बैठक में सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई।
सांसद सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार विकास एवं जनकल्याण के कार्य कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने तथा आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों में एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि आमजन का विकास और विश्वास भाजपा का प्रमुख ध्येय है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है तथा किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि पार्टी अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्य करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और आगामी पंचायतीराज चुनावों के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
चुनावी तैयारियों पर मंथन-
बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनाव के संचालन, बूथ प्रबंधन, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान वार्ड चुनाव प्रभारी एवं सह प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं सह संयोजक, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बूथ अध्यक्ष तथा सावा और घोसुंडा मंडल के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मिठुलाल जाट, मंडल अध्यक्ष अनिल सुखवाल, लाला गुर्जर, पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, अनंत समदानी, मंडल महामंत्री लीलाशंकर सिंह, रवि कल, हेमराज मेघवाल, किशन जाट, शिवराज सिंह, शंकरदास वैष्णव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, रतन डांगी और सत्यनारायण कुमावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।