नीमच। गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हेलो’ के तहत नीमच पुलिस की साइबर सेल और थानों की साइबर हेल्प डेस्क को सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के 105 गुम मोबाइल फोन रिकवर किए हैं, जिनकी कुल कीमत 15 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए।
28 सितंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वितरित किए। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में की गई।
CEIR पोर्टल के जरिए तलाशे गए मोबाइल-
पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के नागरिकों के मोबाइल फोन गुम या गिर जाने के बाद उनके द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस थानों की साइबर हेल्प डेस्क और साइबर सेल में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों के आधार पर केंद्रीय संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की तलाश की गई।
साइबर सेल नीमच और विभिन्न थानों में गठित साइबर हेल्प डेस्क ने शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग कंपनियों के 8 हजार से लेकर 65 हजार रुपए तक कीमत वाले कुल 105 मोबाइल फोन रिकवर किए। पुलिस के अनुसार, कुछ मोबाइल मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरप्रदेश से भी बरामद किए गए।
थाना प्रभारियों को दिए मोबाइल रिकवरी के निर्देश-
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने साइबर सेल सहित जिले के सभी थाना प्रभारियों को साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से CEIR पोर्टल पर गुम मोबाइल की शिकायतों की लगातार निगरानी करने और मोबाइल फोन को सर्च कर रिकवर करने के निर्देश दिए हैं। रिकवर किए गए मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को लौटाने की कार्रवाई की जा रही है।
मोबाइल रिकवरी में साइबर सेल नीमच और पुलिस थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क के कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें शिकायत-
नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बाजार, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल फोन को सुरक्षित रखें। मोबाइल गुम होने की स्थिति में CEIR पोर्टल के साथ ही नजदीकी पुलिस थाने की साइबर हेल्प डेस्क अथवा साइबर सेल नीमच में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल की तलाश और रिकवरी की कार्रवाई की जा सके।