चित्तौड़गढ़। जे.के. सीमेंट समूह के प्रबंध निदेशक स्व. यदुपति सिंघानिया की 73वीं जन्म जयंती के अवसर पर 29 सितंबर 2026 को जे.के. सीमेंट निंबाहेड़ा की ओर से विभिन्न सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल के दिशा-निर्देशन में होंगे।
जे.के. सीमेंट के एचआर हेड प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि जयंती के अवसर पर भंडारी नेत्रालय, नीमच के तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नजर, नाखूना और मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच की जाएगी। आवश्यकता होने पर जे.के. सीमेंट की ओर से मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन भी कराया जाएगा।
मेधावी छात्राओं को मिलेंगी साइकिलें-
कमर्शियल हेड मनोज सोनी ने बताया कि निंबाहेड़ा क्षेत्र के 10 राजकीय विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को 50 साइकिलें वितरित की जाएंगी।
टेक्निकल हेड राजेश सोनी एवं मुरली लड्ढा ने बताया कि राजकीय जिला चिकित्सालय में सुरभि क्लब के माध्यम से नवजात शिशुओं के लिए बेबी किट वितरित किए जाएंगे। साथ ही मरीजों को निःशुल्क फल एवं दलिया भी वितरित किया जाएगा।
इसके अलावा नगर की सांवरिया गौशाला में गायों को चारा एवं पशु आहार खिलाया जाएगा। नगर परिषद द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई में सुबह-शाम जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन कराया जाएगा।
जे.के. सीमेंट प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों से सेवा एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।