भौंरासा। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सोनकच्छ तहसील के भौंरासा प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संजय नगर क्षेत्र का व्यवस्थित सर्वे कर सैटेलाइट इमेज फ्रीज करने तथा क्षेत्र की आबादी और मतदाताओं को ग्रामीण क्षेत्र में विधिवत शामिल करने की प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्थिति दर्ज होने के बाद शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दमयंती तालाब के गहरीकरण के साथ कैचमेंट क्षेत्र से तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि जल प्रवाह बाधित न हो। ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान कचरा निस्तारण को वैज्ञानिक बनाने तथा कचरे से मिट्टी अलग करने वाली पटका मशीन सभी नगर पंचायतों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौंरासा का औचक निरीक्षण कर ओपीडी, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।