मनासा। शासन के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत नगर परिषद मनासा द्वारा सोमवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सिंगल विंडो कैंप आयोजित किया गया।
शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई मित्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वक्ताओं ने सफाई मित्रों के कार्य की महत्ता बताते हुए उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद-
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय पाटीदार, उपाध्यक्ष किशोर जोलानिया, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर अजय तिवारी, पार्षद दशरथ खटवा, सचिन राठौर एवं लालजी राठौर, स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम, स्वच्छता निरीक्षक लोकेंद्र साधु सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।
नगर परिषद के अनुसार, शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ नियमित स्वास्थ्य देखभाल और सुरक्षित कार्य वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।