मनासा। क्षेत्र के ग्राम दातोली में सोमवार दोपहर रतनजोत (जेट्रोफा) के बीज खाने से एक ही परिवार के 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि बच्चों ने रतनजोत के बीजों को बादाम समझकर खा लिया था। इसके बाद उन्हें उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
परिजन बच्चों को उपचार के लिए मनासा के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार शाम करीब 6 बजे सभी बच्चों को नीमच जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। बच्चों की उम्र 2 से 12 वर्ष के बीच बताई गई है।
4 बच्चों को PICU में भर्ती किया-
चिकित्सकों के अनुसार, अधिक डिहाइड्रेशन की स्थिति के चलते 4 बच्चों को पीआईसीयू (PICU) में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य बच्चों का उपचार जनरल वार्ड में जारी है।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश धाकड़ ने बताया कि रतनजोत के बीजों में विषैले तत्व पाए जाते हैं, जिनके सेवन से उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन जैसी समस्या हो सकती है। फिलहाल सभी बच्चों के वाइटल्स स्थिर बताए गए हैं।