देवास। नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक गायत्री राजे पवार के प्रस्ताव पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सहमति देते हुए ग्यारस के विसर्जन चल समारोह के दौरान सयाजी द्वार पर मां चामुंडा एवं मां तुलजा भवानी की पालकी को जिला प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देने का निर्णय लिया।
विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि माता टेकरी देवास की आस्था और पहचान का केंद्र है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर सुविधाएं और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने टेकरी के परिक्रमा मार्ग स्थित मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए खुले रखने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने माता टेकरी क्षेत्र में बिजली, पेयजल, सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
बैठक में पॉलिथीन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध, अस्थायी अतिक्रमण हटाने और सड़कों पर खुले मवेशी छोड़ने वालों पर 5 हजार रुपये या उससे अधिक का चालान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नवरात्रि के दौरान मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।