देवास। जापान में आयोजित एशियन गेम्स में सॉफ्ट टेनिस में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर देवास लौटे प्रतिभावान खिलाड़ी जय मीणा और उनके कोच सुदेश सांगते का शहरवासियों एवं विभिन्न खेल संगठनों ने जोरदार स्वागत किया। गृहनगर पहुंचने पर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जय मीणा की उपलब्धि पर शहरवासियों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान जय मीणा ने अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश के लिए पदक जीतना उनके जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है। जापान में पदक मिलने के बाद वे और उनकी टीम भावुक हो गई थी। उन्होंने सफलता का श्रेय परिवार, कोच, सहयोगियों और वर्षों की मेहनत व निरंतर अभ्यास को दिया।
कोच सुदेश सांगते ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और बेहतर प्रशिक्षण सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान जय मीणा और सुदेश सांगते ने देश में खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
जय मीणा की उपलब्धि से देवास के खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने शहर के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है।