गरोठ। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के समीप बिना वैध अनुमति के संचालित किए जा रहे श्रीकृष्ण बायो फ्यूल डीजल पंप पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
एसडीएम गरोठ राहुल चौहान ने मंगलवार सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम के साथ पंप का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पंप का संचालन कलेक्टर की आवश्यक एनओसी के बिना होना पाया गया।
मामले में मौके पर ही पंचनामा तैयार कर प्रकरण दर्ज किया गया और पंप को सील कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना आवश्यक अनुमति के संचालित होने वाले बायो-डीजल पंपों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।