खरगोन। कसरावद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुरा के ग्राम नवलपुरा में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों ने सड़क, श्मशान तक रास्ता और नाले पर पुलिया निर्माण की मांग को लेकर वोट डालने से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों से पक्की सड़क नहीं होने के कारण आवागमन में परेशानी होती है। वहीं श्मशान तक पहुंचने के लिए भी उचित रास्ता नहीं है। बरसात के दौरान नाले पर पुलिया नहीं होने से गांव का आवागमन प्रभावित हो जाता है और कई बार रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक इन समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार आवेदन और शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज ग्रामीणों ने मतदान के दिन वोट डालने से इनकार कर अपना विरोध दर्ज कराया।