खरगोन। जिले के कसरावद में जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 19 के उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। क्षेत्र में कुल 75 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसी बीच जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोपालपुरा के ग्राम नवलपुरा में ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं और सड़क की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया है।
नवलपुरा मतदान केंद्र पर कुल 606 मतदाता दर्ज हैं। ग्रामीणों द्वारा मतदान का बहिष्कार किए जाने के चलते दोपहर तक महज 16 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं की समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्होंने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का निर्णय लिया है।
मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। मतदान केंद्र पर प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद हैं तथा ग्रामीणों से चर्चा कर मतदान शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, कसरावद क्षेत्र के अन्य मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।