शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुर स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर तार फेंसिंग कर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत ग्रामीणों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने जनसुनवाई में कलेक्टर से की।
ग्रामीणों का आरोप है कि तार फेंसिंग से बच्चों के प्रार्थना सभा और खेलकूद के लिए जगह सीमित हो गई है। वहीं, एक सेक्शन से दूसरे सेक्शन में जाने के लिए विद्यार्थियों को सड़क से होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
शिक्षकों ने 21 सितंबर को तहसीलदार और एसडीएम कोलारस को भी शिकायत दी थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके की जांच कराकर तार फेंसिंग हटवाने और विद्यालय का खेल मैदान पूर्ववत बहाल कराने की मांग की है।