चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ योगिता पारीक द्वारा खुला बंदी शिविरों में रहने वाले बंदियों को रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। सचिव योगिता पारीक ने बैठक में उपस्थित सदस्यों को खुली जेल शिविरों के आसपास स्थित उद्योग एवं प्रतिष्ठानों की पहचान कर उनमें उपलब्ध रोजगार की पहचान करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए ताकि बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को पात्र कैदियों की पहचान करने, कैदियों को रोजगार, व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करने, स्थानीय उद्योगों और प्रतिष्ठानों के इच्छुक निधियों का उपयोग करके उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने संबंधी दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में मुरली मनोहर अधीक्षक जिला कारागृह चित्तौड़गढ़, पूर्ण सिंह जिला उद्योग अधिकारी जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र चित्तौड़गढ़, हेमन्त श्रीवास्तव एचआर हेड बिरला सीमेंट वर्क्स चंदेरिया, अंबरीश कुमार एचआर हेड हिन्दुस्तान जिंक लि. पुठोली चित्तौड़गढ़, रोशन घोसालिया एचआर हेड हिन्दुस्तान जिंक लि. पुुठोली चित्तौड़गढ़ उपस्थित रहे।