उज्जैन। उचित मूल्य दुकान संचालकों और महिला स्व-सहायता समूहों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कमीशन बढ़ाने की मांग की। संचालकों ने मौजूदा ₹90 प्रति क्विंटल कमीशन को बढ़ाकर कम से कम ₹200 करने की मांग रखी है। साथ ही कमीशन व्यवस्था में बदलाव नहीं होने पर ₹30 हजार प्रतिमाह मानदेय तय करने की मांग की।
संचालक मनोज शर्मा ने बताया कि मध्यप्रदेश में उचित मूल्य दुकान संचालकों को वर्तमान में ₹90 प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है, जबकि अन्य राज्यों में यह ₹200 से ₹300 तक है। उनका कहना है कि मौजूदा कमीशन में दुकान का किराया, बिजली, इंटरनेट और कर्मचारियों का वेतन निकालना मुश्किल हो रहा है।
समय पर भुगतान और महिला समूहों को समान लाभ की मांग
ज्ञापन में हर महीने समय पर कमीशन या मानदेय का भुगतान करने की मांग भी की गई। संचालकों ने महिला स्व-सहायता समूहों को भी समान लाभ देने और गुजरात मॉडल की तर्ज पर ₹30 हजार मासिक मानदेय शुरू करने की मांग रखी।
मनोज शर्मा ने कहा कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो प्रदेशभर के राशन दुकान संचालक हड़ताल का रास्ता अपना सकते हैं।