नीमच। 30 सितंबर को कांग्रेस द्वारा गांधी भवन से कलेक्टर कार्यालय तक प्रस्तावित रैली को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में अधिकारियों ने रैली के संभावित मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों के अनुसार रैली के रूट का निर्धारण सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आमजन को यातायात में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखकर किया जाएगा। रूट निरीक्षण के दौरान एडीएम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल गांधी भवन में कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां से रैली के रूप में कार्यकर्ताओं के कलेक्टर कार्यालय की ओर जाने की संभावना है। कार्यक्रम के स्वरूप और रैली में शामिल लोगों की संख्या के अनुसार आगे की व्यवस्थाएं तय की जाएंगी।
प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।