नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान करीब 52 आवेदकों ने एसपी के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
12 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण-
इसी दौरान जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 12 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद करवाया गया।
एसपी राजेश व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय पर और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
अधिकारी एवं थाना प्रभारी रहे मौजूद-
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या चंद्रवंशी सहित जिले के थाना प्रभारी, प्रभारी अधिकारी, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी तथा फरियादी एवं आवेदक मौजूद रहे।