चित्तौड़गढ़। महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। महिला सुरक्षा से जुड़े एक प्रकरण में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला थाना अधिकारी रेणु खोईवाल को जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
हाल ही में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फोटो-वीडियो के नाम पर एक महिला को परेशान एवं ब्लैकमेल करने वाले व्यक्ति को डिटेन किया गया था। शिकायतकर्ता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला थाना अधिकारी रेणु खोईवाल के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में निगरानी की। पुलिस टीम ने संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे डिटेन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सादे वस्त्रों में रखी निगरानी-
कार्रवाई के दौरान महिला थाना अधिकारी रेणु खोईवाल के साथ कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल रीना राजावत, आकांक्षा, गायत्री एवं लीला ने संवेदनशीलता, तत्परता और सतर्कता के साथ कार्य किया। पुलिस के अनुसार, महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए संबंधित फोटो एवं वीडियो डिलीट करवाए गए तथा भविष्य में महिला को परेशान अथवा ब्लैकमेल नहीं करने के लिए संबंधित व्यक्ति को पाबंद किया गया।
एसपी ने की पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने महिला थाना अधिकारी एवं कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान जिला पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर पुलिस द्वारा संवेदनशीलता और त्वरितता के साथ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को इसी प्रकार सजग एवं सक्रिय रहकर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला पुलिस ने महिलाओं एवं युवतियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य महिला संबंधी समस्या होने पर महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत एवं सहायता के लिए संपर्क करें।