नीमच। जिला पुलिस लाइन कनावटी स्थित परेड ग्राउंड पर मंगलवार सुबह जनरल परेड आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट का जायजा लिया गया। अच्छे टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को एसपी ने प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया, जबकि खराब टर्नआउट वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में सुधार की हिदायत दी गई।
पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और पुलिसकर्मियों में टीम भावना विकसित करने में नियमित परेड का महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है। इसी क्रम में मंगलवार सुबह 6.30 बजे जिला पुलिस लाइन कनावटी स्थित परेड ग्राउंड पर प्लाटूनों को परेड निरीक्षण के लिए तैयार किया गया।
सुबह करीब 7.10 बजे पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के परेड ग्राउंड पहुंचने पर परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अजय सिंह ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद एसपी ने प्लाटूनवार परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्दी, अनुशासन एवं टर्नआउट का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के बाद परेड का मार्चपास्ट कराया गया और करीब 7.40 बजे परेड का विसर्जन किया गया। परेड निरीक्षण के दौरान अच्छे टर्नआउट वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एसपी ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं जिनका टर्नआउट अपेक्षानुसार नहीं पाया गया, उन्हें भविष्य में सुधार करने की हिदायत दी गई।
स्टोर, एमटी और आर्माेरी का निरीक्षण-
जनरल परेड के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिला पुलिस लाइन स्थित स्टोर, एमटी शाखा एवं आर्माेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक दिव्या चन्द्रवंशी, रक्षित निरीक्षक अजय सिंह, नीमच कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, मनासा थाना प्रभारी हिमांशु चौहान सहित पुलिस लाइन, विभिन्न थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ कुल 92 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।