चित्तौड़गढ़। न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने राजस्थान में 46.4 मेगावॉट के विंड-सोलर हाइब्रिड रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट के लिए क्लीनमैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड के साथ साझेदारी की है। यह परियोजना न्युवोको के सीमेंट ऑपरेशन्स को नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध कराने और कंपनी की डीकार्बाेनाइजेशन रणनीति को मजबूत करने में मदद करेगी।
प्रोजेक्ट राजस्थान के भीखमखोर में विकसित किया जाएगा। इसमें 20 मेगावॉट विंड और 26.4 मेगावॉट डीसी सोलर क्षमता के साथ 2 एमडब्ल्यूएच का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम शामिल होगा। परियोजना से सालाना करीब 100 मिलियन यूनिट नवीकरणीय बिजली उत्पादन की उम्मीद है।
कंपनी के अनुसार, इससे हर साल करीब 1,25,485 टन कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी। उत्पादित बिजली स्टेट ट्रांसमिशन यूटिलिटी के ओपन एक्सेस नेटवर्क के जरिए न्युवोको को उपलब्ध कराई जाएगी।
न्युवोको के मैनेजिंग डायरेक्टर जयकुमार कृष्णास्वामी ने इसे सस्टेनेबल ऑपरेशन्स की दिशा में अहम कदम बताया। वहीं क्लीनमैक्स के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर कुलदीप जैन ने कहा कि यह साझेदारी सीमेंट उद्योग में क्लीन एनर्जी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।