चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक धरा पर नवरात्र में सनातन शौर्य गाथा का आयोजन किया जा रहा है। शौर्य गाथा की तैयारी को लेकर खरडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पूज्य गुरु आशीष जी बापू (अयोध्या) के सानिध्य में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सनातन शौर्य गाथा के तहत होने वाली कथा और विविध धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारी पर चर्चा कर विभिन्न समितियां गठित कर दायित्व सौंप गए। सनातन शौर्य गाथा का आयोजन ईनाणी सिटी सेंटर में प्रस्तावित है।
बैठक में पूज्य गुरु आशीष बापू ने बताया की शक्ति भक्ति और शौर्य की नगरी में सनातन शौर्य गाथा के तहत कथा का आयोजन सौभाग्य की बात है। देश की सनातन संस्कृति को जीवंत रखने के लिए हमारे संतो महापुरुषों और मेवाड़ सहित समूचे राजस्थान का अमूल्य योगदान है जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। पूज्य संत आशीष बापू ने बताया कि सनातन शौर्य गाथा कार्यक्रम के तहत आगामी 11 अक्टूबर रविवार को प्रातः 11ः00 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह कलश यात्रा लक्ष्मीनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सदर बाजार गोलप्याऊ चौराहा, सुभाष चौक, राणा सांगा बाजार होते हुए ईनाणी सिटी सेंटर पहुंचेगी। ईनाणी सिटी सेंटर में घट स्थापना के साथ उसी दिन कथा का शुभारंभ होगा। बैठक में राधेश्याम आमेरिया, ओम प्रकाश आमेरिया, बाबूलाल डाड, धन्नालाल गुर्जर, योग गुरु पुष्कर सोनी, खरडेश्वर महादेव ट्रस्ट के अध्यक्ष किशनलाल सोनी, सुरेश कुमार, अजय बनवार सहित गणमान्य जन मौजूद रहे।