नीमच। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सहभागिता से रचनात्मक, जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ आमजन को भी विभिन्न सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 27 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसी क्रम में 28 सितंबर को महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्राइवेट बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर नशामुक्ति जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
आंगनवाड़ी के बच्चों को बांटी पोषण एवं खेल सामग्री-
शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय, जावद में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. आर.सी. मेघवाल के मार्गदर्शन में कार्यक्रम अधिकारी रवि राठौर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र के बालक-बालिकाओं को पोषण एवं खेल सामग्री वितरित की गई।
सामग्री मिलने पर बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। महाविद्यालय स्टाफ ने बच्चों को पोषण, शिक्षा एवं नियमित अध्ययन के महत्व की जानकारी दी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने सेवा, जनभागीदारी, नशामुक्ति, पोषण एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।