नीमच। सीआरपीएफ नीमच में हिंदी पखवाड़े के समापन अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न साहित्यिक एवं व्यावहारिक प्रतियोगिताओं में सीटीसी, आरटीसी, ग्रुप केंद्र, रेंज, संयुक्त अस्पताल, 1 बटालियन एवं 4 सिग्नल बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सरल और व्यवहारिक हिंदी के प्रयोग पर जोर-
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर अनुपम शर्मा ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी राजभाषा के साथ देश की सांस्कृतिक पहचान और जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने सरकारी कामकाज में कठिन एवं जटिल शब्दों के स्थान पर सरल, सुबोध और व्यावहारिक हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने तथा राजभाषा नियमों का पालन करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में ग्रुप केंद्र के निरीक्षक (राजभाषा) के. सुंदरेसन ने स्वागत उद्बोधन दिया और हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। सहायक कमांडेंट (मंत्रा) खेमराज अरसे ने आभार व्यक्त किया। समारोह में सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।