नीमच। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति, लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण तथा विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को समय-सीमा पत्रों, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिला स्तरीय समितियों के गठन संबंधी आवश्यक कार्रवाई समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अमानक उर्वरक पर एफआईआर के निर्देश-
बैठक में उप संचालक कृषि को कंजार्डा स्थित वैभव इंटरप्राइजेज में अमानक उर्वरक विक्रय के मामले में एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। स्वीकृत आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण 31 जनवरी तक पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को भी कहा गया।
एमपीआरडीसी को मुख्य मार्गों से कॉलोनियों के लिए आवश्यक एप्रोच रोड निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग को जिले के जलाशयों की निगरानी करने तथा किसी भी जलाशय से अवैध रूप से पंपिंग नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के प्रकरणों पर सख्ती-
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की राज्य स्तरीय रैंकिंग में 30 से नीचे रहने वाले विभाग प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का वास्तविक एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। सीएम हाउस से प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीओपी मनासा को दिए गए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं और विकास कार्यों का समयबद्ध एवं व्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में आएं अधिकारी-
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बैठकों में अपने विभाग की अद्यतन एवं संपूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित हों तथा लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि निराकरण योग्य प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना गंभीरता से लिया जाएगा। अधिकारियों को कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम मनासा मयूरी जोक, डिप्टी कलेक्टर श्रुति भयडिया, चंद्र सिंह धार्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।