चित्तौड़गढ़। वन मंत्री राजस्थान सरकार संजय शर्मा ने मंगलवार को ग्राम मेढ़ी का आमराना, तहसील चित्तौड़गढ़ पहुंचकर दिवंगत क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चुंडावत के शोकाकुल परिवार से भेंट की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया तथा स्वर्गीय चुंडावत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वन मंत्री ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्रितों को देय अनुकंपात्मक नियुक्ति एवं आर्थिक लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शोकाकुल परिवार के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
उन्होंने वनकर्मियों के मनोबल एवं सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मैदानी कार्मिकों को आवश्यक वाहन एवं हथियार उपलब्ध कराने के संबंध में राज्य सरकार द्वारा प्रयास किए जाने की बात कही। साथ ही वन क्षेत्रों में अवैध खनन सहित अन्य अपराधों की प्रभावी रोकथाम तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
परिजनों द्वारा स्वर्गीय प्रताप सिंह चुंडावत को शहीद का दर्जा प्रदान करने एवं उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर वन मंत्री ने सरकार की ओर से नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर CCF उदयपुर, DCF चित्तौड़गढ़, DCF प्रतापगढ़, DCF वन्यजीव चित्तौड़गढ़, ACF एवं ROs सहित वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।