किशनपुरा। गांव के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान मुकेश यादव, निवासी नीमच सिटी के यादव मंडी क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों युवक मिस्त्री का काम करते थे और काम पूरा कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान किशनपुरा के समीप उनकी बाइक की सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कार-बाइक की भिड़ंत का कारण क्या रहा, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
हादसे की खबर से मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।