कंजार्डा। मनासा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कंजार्डा के समीप स्थित खेड़ली गांव में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली बंद रहने के कारण ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए लगा एकमात्र ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड के चलते बार-बार फुंक रहा है। ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद कुछ समय के लिए व्यवस्था बहाल होती है, लेकिन अधिक लोड के कारण समस्या दोबारा उत्पन्न हो जाती है। इसके चलते पिछले चार दिनों से गांव अंधेरे में डूबा हुआ है।
बिजली नहीं होने से घरेलू कामकाज, पानी की व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई सहित रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। लगातार समस्या के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में विद्युत ग्रिड पहुंच गए और ग्रिड का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की बिजली व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए एक ट्रांसफॉर्मर पर्याप्त नहीं है। ओवरलोड की समस्या को देखते हुए गांव में कम से कम दो ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं, ताकि बार-बार होने वाली बिजली कटौती और ट्रांसफॉर्मर जलने की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीणों ने स्पष्ट मांग रखी है कि जब तक गांव में दो ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाए जाते, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्या का क्या समाधान किया जाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।