मनासा। शासन के निर्देशानुसार एवं “स्वच्छता ही सेवा 2026” राष्ट्रीयव्यापी अभियान के अंतर्गत नगर परिषद मनासा द्वारा सोमवार, 28 सितंबर 2026 को दोपहर 12ः00 बजे नगर परिषद कार्यालय प्रांगण में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण हेतु सिंगल विंडो कैंप आयोजित किया गया।
शिविर में नगर के जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सफाई मित्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके कार्य की महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष महोदया डॉ. सीमा अजय तिवारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय पाटीदार, उपाध्यक्ष किशोर जी जोलानिया, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर अजय तिवारी, पार्षद दशरथ जी खटवा, पार्षद सचिन राठौर, पार्षद लालजी राठौर, स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम, स्वच्छता निरीक्षक लोकेंद्र जी साधु, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।
नगर परिषद द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल एवं सुरक्षित कार्य वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।