मंदसौर। जिले में जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा का सिलसिला 2 अक्टूबर को भी जारी रहा। यात्रा के मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान ग्राम जग्गाखेड़ी में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए शिक्षा पोर्टल का शुभारंभ किया गया।
यह पोर्टल आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा। पोर्टल के माध्यम से ऐसे विद्यार्थियों को उनकी कक्षा की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिन्हें आर्थिक परेशानी के कारण नई पुस्तकें खरीदने में कठिनाई होती है।
पोर्टल के माध्यम से कक्षा उत्तीर्ण कर अगली कक्षा में पहुंचने वाले विद्यार्थी अपनी पुरानी उपयोगी पुस्तकें दान कर सकेंगे। वहीं जरूरतमंद विद्यार्थी अपनी आवश्यकता के अनुसार पोर्टल पर पुस्तकों की मांग दर्ज करा सकेंगे। पुस्तक दान करने वाले विद्यार्थी भी पोर्टल पर अपनी पुस्तकों से संबंधित जानकारी दर्ज करेंगे। इसके बाद जरूरतमंद विद्यार्थियों को उपलब्ध पुस्तकों से जोड़ा जाएगा।
शिक्षा पोर्टल के शुभारंभ के अवसर पर सेवा संकल्प यात्रा के यात्रीगण, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, निरांत बग्गा, नेपाल सिंह सहित स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।