मंदसौर। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने 2 अक्टूबर को जिले के दलोदा (धुंधड़का) में आयोजित वोकल फॉर लोकल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागी एवं यात्रीगण सहित जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, विजय सुराणा, सुमित सेन, आसाराम, ईश्वरलाल, एसडीएम शुभम पाटीदार, तहसीलदार रमेश मसारे, जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रावत सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
श्री अखिलानंद सरस्वती ग्रामीण गौशाला में आयोजित प्रदर्शनी में गोमूत्र, गोदुग्ध एवं गोबर से निर्मित विभिन्न उपयोगी उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने गौशाला में गौपूजन कर गोवंश को हरा चारा भी खिलाया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि गौशाला का बेहतर संचालन किया जा रहा है और यहां किया जा रहा कार्य पवित्र एवं सराहनीय है। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यहां अनुसंधान केंद्र स्थापित करने के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गौशाला में तैयार किए जा रहे उत्पादों से जिले की अन्य गौशालाएं भी प्रेरणा ले सकती हैं। अन्य गौशालाओं के संचालकों के लिए यहां प्रशिक्षण आयोजित किए जा सकते हैं, ताकि इस तरह के कार्य को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि गौशाला में तैयार उत्पादों को आगे चलकर देश-विदेश तक पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास किए जा सकते हैं। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने सेवा संकल्प यात्रा पर पुष्पवर्षा कर उसका स्वागत किया।