नीमच। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के ग्राम हाड़ी पिपलिया एवं नया मालहेड़ा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूक किया गया।
ग्राम हाड़ी पिपलिया में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरपंच, उपसरपंच सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को इन योजनाओं का प्रभावी लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
इसी क्रम में ग्राम नया मालहेड़ा में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दिया गया। प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।