पोलायकलां। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर कांग्रेस कार्यालय पोलायकलां में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पांजलि कार्यक्रम शाम 4 बजे आयोजित किया गया।, जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष पवन राजकुमार, नगर कांग्रेस अध्यक्ष नरेश दीक्षित सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गांधीजी के जीवन, उनके संघर्ष तथा देश की आजादी में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाकर देश को स्वतंत्रता के आंदोलन में नई दिशा दी। उन्होंने सादगी, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है। वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्य, अहिंसा और सद्भावना के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के जयकारों के साथ उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके बताए आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही गई।