खरगोन। कलेक्टर गुरु प्रसाद ई-क्लास व्यवस्था के निरीक्षण के लिए क्षेत्र के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की सुविधा से जुड़ी सड़क और जलभराव की समस्याओं को भी मौके पर संज्ञान में लिया।
निरीक्षण के दौरान दाऊदखेड़ी गांव की मुख्य सड़क पर स्पीड ब्रेकर के पास पानी जमा मिला। इसी तरह सरवरदेवला गांव के मुख्य तिराहे पर भी जलभराव की स्थिति सामने आई। कलेक्टर गुरु प्रसाद ने दोनों स्थानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत भगवानपुरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को रात तक जलभराव का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद जनपद सीईओ भगवानपुरा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर जलभराव की समस्या का निराकरण कराया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी दूर हुई।
PMGSY सड़क के मेंटेनेंस के निर्देश-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गुरु प्रसाद ने दाऊदखेड़ी से मोगरगांव जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क की खराब स्थिति का भी संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क का तत्काल मेंटेनेंस कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर के निर्देश के बाद संबंधित विभागों द्वारा सड़क एवं जलभराव से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई शुरू की गई।