नीमच। जिले में नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिले में 13 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसमें जिले की 369 शालाओं के कुल 3170 विद्यार्थी शामिल होंगे।
जिला अकादमिक समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र नीमच पंडित अंबिका प्रसाद जोशी ने बताया कि पिछले माह कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों का पोर्टल पर पंजीयन कराया गया था। पंजीयन के बाद विद्यार्थियों का वेरिफिकेशन कर आवश्यक जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की गई। इसके बाद विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यालय स्तर पर अतिरिक्त कक्षाएं लगाई गईं।
उन्होंने बताया कि इन अतिरिक्त कक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की दक्षता और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के साथ उन्हें NMMS परीक्षा के लिए तैयार करना है। परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को अगली कक्षा से प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए की छात्रवृत्ति मिलना शुरू हो जाती है।
जो विद्यार्थी परीक्षा में सफल नहीं हो पाते हैं, उन्हें भी अतिरिक्त कक्षाओं का लाभ मिलता है। परीक्षा की तैयारी के दौरान विद्यार्थियों में विषय की समझ, अनुप्रयोग क्षमता और तार्किक क्षमता का विकास होता है, जिससे वे आगे के अध्ययन के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें। इसी उद्देश्य से कक्षा 8 संचालित करने वाली प्रत्येक शाला से अधिकतम विद्यार्थियों का पंजीयन कराने और उन्हें परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले वर्ष 56 विद्यार्थियों को मिली छात्रवृत्ति-
जोशी ने बताया कि पिछले वर्ष जिले में 56 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति स्वीकृत हुई थी। इनमें मनासा के 32, जावद के 17 और नीमच के 7 विद्यार्थी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि गत सत्र NMMS परीक्षा में उपस्थिति के आधार पर नीमच जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा था, जबकि सत्र 2024-25 में जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था। इस वर्ष भी विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के साथ परीक्षा में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रश्न बैंक और ऑनलाइन सामग्री से कराई तैयारी-
इस वर्ष परीक्षा की तैयारी के लिए प्रत्येक शाला को पूर्व में उपलब्ध कराए गए प्रश्न बैंक के आधार पर तैयारी कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन लर्निंग मटेरियल उपलब्ध कराया गया है। विकासखंड स्तर पर ऐसे शिक्षकों की अच्छी प्रैक्टिसेज और लर्निंग मटेरियल भी साझा किए गए हैं, जिनके विद्यार्थियों ने पूर्व में NMMS परीक्षा में बेहतर सफलता हासिल की है।
शिक्षकों से अच्छी प्रैक्टिसेज से संबंधित वीडियो भी साझा करने के लिए कहा गया है, ताकि अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी और शिक्षक उनसे सीख लेकर परीक्षा की तैयारी को बेहतर बना सकें।
जिला अकादमिक समन्वयक पंडित अंबिका प्रसाद जोशी ने बताया कि विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, अतिरिक्त कक्षाओं और उपलब्ध अध्ययन सामग्री के माध्यम से परीक्षा के लिए तैयार किया जा रहा है।