नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला पुलिस द्वारा विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में 1 अक्टूबर को पुलिस थाना बघाना क्षेत्र स्थित पटेल स्कूल बघाना एवं पुलिस थाना नीमच सिटी क्षेत्र स्थित कोठी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज, साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल एवं युवा जागरूकता तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश-
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों एवं शराब के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की आदत स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ परिवार एवं सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
अधिकारियों ने कहा कि युवावस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा का उपयोग करना चाहिए। साथ ही स्वयं नशे से दूर रहने के साथ मित्रों एवं परिवारजनों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला एवं बाल सुरक्षा की दी जानकारी-
महिला सशक्तिकरण एवं बाल-युवा जागरूकता के तहत विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों एवं अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
सड़क सुरक्षा के बताए नियम-
सड़क सुरक्षा के तहत विद्यार्थियों को नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। निर्धारित उम्र के बाद वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी नहीं बैठाने तथा वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अलावा दोपहिया वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज, जैसे पंजीयन प्रमाण-पत्र, बीमा, फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने की जानकारी दी गई।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय-
साइबर सुरक्षा जागरूकता के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि वे अपना पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखें।
इसके साथ ही अज्ञात लिंक, संदिग्ध संदेश, फर्जी क्यूआर कोड और अनजान कॉल पर भरोसा नहीं करने तथा किसी भी ऑनलाइन गतिविधि के दौरान सतर्क एवं जागरूक रहने की सलाह दी गई।