माउंट आबू। 33 कोटि देवी-देवताओं की पावन नगरी माउंट आबू में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के महिला-पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
नगर के अग्रवाल पंचायत भवन स्थित बिहारी जी मंदिर से महाराजा अग्रसेन की विधि-विधान से आरती के बाद शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन के सभी गोत्रों का प्रतिनिधित्व करते समाज के पुत्र घोड़ों पर सवार होकर निकले, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
गाजे-बाजे और भक्ति गीतों की धुन पर समाज के महिला-पुरुष और बच्चे नाचते-गाते नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान समाजजनों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शोभायात्रा ने नगर में उत्सवी माहौल बना दिया। वहीं, पर्यटन नगरी माउंट आबू घूमने आए पर्यटकों के लिए भी यह भव्य आयोजन आकर्षण का केंद्र बना रहा।
महाराजा अग्रसेन जयंती के इस आयोजन ने सामाजिक एकता, भाईचारे और अग्रवाल समाज की समृद्ध परंपराओं का सुंदर संदेश दिया।