आगर मालवा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पॉलीटेक्निक कॉलेज में ‘उद्यम संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आगर विधायक मधु गहलोत ने की। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं भावी उद्यमियों को स्वरोजगार और उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना तथा शासन की विभिन्न औद्योगिक एवं उद्यमिता योजनाओं की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक भानु प्रताप राणा, पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हितेन्द्र तोमर, श्री बैजनाथ औद्योगिक संघ के अध्यक्ष विजय खमोरा, उद्योगपति, स्टार्टअप इंडिया के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भावी उद्यमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने उद्योग स्थापना की प्रक्रिया, शासकीय योजनाओं, ऋण एवं वित्तीय सहायता, स्टार्टअप से जुड़े अवसरों और उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही युवाओं को अपने व्यवसाय की शुरुआत करने और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया गया।
महाप्रबंधक भानु प्रताप राणा ने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ-साथ नौकरी देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों और अवसरों के आधार पर नए उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। विभाग की ओर से भावी उद्यमियों को हरसंभव मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
स्टार्टअप इंडिया के प्रतिनिधियों और उद्योगपतियों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।