रतलाम। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने प्राप्त शिकायत के आधार पर जावरा स्थित देवश्री नमकीन भंडार का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से की गई इस कार्रवाई के दौरान विक्रय के लिए रखी मिठाई और लौंग सेव के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर सत्यनारायण अग्रवाल, पिता चांदमल अग्रवाल, मौके पर उपस्थित थे। प्रतिष्ठान के निर्माण स्थल पर मावा और शक्कर से तैयार लगभग 5 किलोग्राम मिठाई संग्रहित मिली। मिठाई और लौंग सेव के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई-
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पंजीयन प्रदर्शित करने, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।