उज्जैन। शनिचरी अमावस्या पर त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर और घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसके बाद नगर निगम ने शनिवार रात से रविवार सुबह तक विशेष सफाई अभियान चलाया।
इस दौरान जमा की गई सामग्री को दोबारा इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर 90 से ज्यादा सफाई मित्रों ने घाट और मंदिर परिसर से मन्नत के कपड़े, जूते-चप्पल और दूसरी सामग्री जमा की।
डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सामग्री ट्रांसफर स्टेशन पहुंचाई
घाट और मंदिर परिसर से जमा की गई सामग्री को जेसीबी की मदद से डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर ट्रांसफर स्टेशन पहुंचाया गया। वहां नगर निगम की टीम सामग्री की स्थिति के हिसाब से छंटाई कर उसे अलग-अलग हिस्सों में बांटेगी।
इस्तेमाल लायक सामान जरूरतमंदों को मिलेगा
जमा किए गए अनुपयोगी कपड़ों से फाइल कवर बनाए जाएंगे। वहीं, अनुपयोगी जूते-चप्पलों से RDF (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) यानी कचरे से तैयार होने वाला ईंधन बनाया जाएगा। इस्तेमाल करने लायक कपड़े और जूते-चप्पल नगर निगम के 3-R केंद्र पर रखे जाएंगे। यहां से इन्हें जरूरतमंद लोगों को दिया जाएगा।