शाजापुर। जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की पुलिस की कोशिशों के बीच चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक निजी स्कूल को अज्ञात नकाबपोश चोरों ने निशाना बनाया। देर रात हुई इस वारदात में चोर स्कूल के ऑफिस से नकदी चुराकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चोर स्कूल के पिछले गेट से अंदर दाखिल हुए। इसके बाद ऑफिस का ताला तोड़कर वहां रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो नकाबपोश व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है।
थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर चोरी की वारदात होने से पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंचती है।