कुकड़ेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कुकड़ेश्वर में नवांकुर संस्था लाल कुंवर भगवती शिक्षण समिति द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विकसित भारत विषय पर चित्रकला, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताओं में भाग लिया। साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा, समाजसेवी कैलाश राठौर, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के मनासा ब्लॉक समन्वयक महेंद्र पाल सिंह भाटी, एल्डरमैन एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष लोकेश तुगनावत, संरक्षक तेजकरण सोनी, नवांकुर संस्था प्रमुख भगवती प्रसाद सोनी, संस्था प्राचार्य मंजू सोनी तथा पत्रकार नरेंद्र चौधरी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 17 सितंबर से पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत ज्ञान मंदिर विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ स्वच्छता और विकसित भारत जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी सहभागिता निभाई है।
संस्था प्रमुख भगवती प्रसाद सोनी ने स्वागत भाषण दिया। वहीं, महेंद्र पाल सिंह भाटी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समुदाय को जोड़कर शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और सेवा कार्यों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित करना इसी दिशा में एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में कैलाश राठौर, तेजकरण सोनी और लोकेश तुगनावत ने भी अपने विचार रखे। विद्यार्थियों द्वारा विकसित भारत विषय पर तैयार की गई चित्रकलाओं और रंगोलियों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके बाद अतिथियों और विद्यार्थियों ने मिलकर पौधरोपण किया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए तथा उनके प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का संचालन पत्रकार नरेंद्र चौधरी ने किया, जबकि आभार संस्था प्राचार्य मंजू सोनी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।