नीमच। जरूरतमंदों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील पहल की गई है। कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष हिमांशु चंद्रा की पहल पर जनवरी 2026 से 15 सितंबर 2026 तक जिले के 75 जरूरतमंद हितग्राहियों को लगभग 22 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
यह सहायता गंभीर बीमारियों के उपचार, बच्चों की शिक्षा, दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के इलाज और अन्य विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहे परिवारों को उपलब्ध कराई गई। रेडक्रॉस के माध्यम से मिली इस मदद से जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल मिला है।
बीमारियों के उपचार के लिए सहायता-
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से कैंसर, किडनी रोग, जीबीएस (गिलियन-बैरे सिंड्रोम) और टीबी सहित विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। इसके अलावा बच्चों के इलाज, कृत्रिम आंख लगवाने और दुर्घटनाओं में घायल लोगों के उपचार के लिए भी मदद उपलब्ध कराई गई।
शिक्षा और स्वरोजगार में भी सहयोग-
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बच्चों की पढ़ाई, स्कूल फीस और लैपटॉप की व्यवस्था के लिए सहायता दी गई। पत्नी की मृत्यु के बाद पुत्री के उपचार, भरण-पोषण और शिक्षा के लिए सहयोग की जरूरत वाले परिवार को भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही दिव्यांगजन को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंदों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए भी सहायता स्वीकृत की गई।
जरूरतमंद परिवारों को मिला आर्थिक संबल-
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई सहायता ने जरूरतमंदों को उपचार, शिक्षा और आजीविका से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग दिया है। सहायता प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन की यह पहल जरूरतमंद लोगों तक समय पर आर्थिक सहायता पहुंचाने और उन्हें विपरीत परिस्थितियों से उबरने में सहयोग देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।