नीमच। शहर के हेडगेवार बस स्टैंड (प्राइवेट बस स्टैंड) पर वर्षों पुरानी जर्जर पुलिया के स्थान पर नगर पालिका परिषद द्वारा 1 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पुलिया का निर्माण कराया गया है। इसे परिषद द्वारा ‘अटल सेतु’ नाम दिया गया है। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। शेष छोटे-मोटे कार्य पूरे होने के बाद जल्द ही इसे जनता को समर्पित कर आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
बुधवार, 14 अक्टूबर को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया और वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद किरण शर्मा के साथ नवनिर्मित अटल सेतु का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र एवं वैभव नगर के निवासी ओमप्रकाश चौधरी, सगरावत सहित अन्य क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।
47 मीटर लंबा और 8 मीटर चौड़ा है अटल सेतु-
नपाध्यक्ष चोपड़ा ने बताया कि 1 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह पुलिया 47 मीटर लंबी और 8 मीटर चौड़ी है। इसका निर्माण कार्य महज सात माह में पूरा किया गया है। पुलिया पर लाइट के लिए पोल और दोनों ओर रेलिंग लगा दी गई है। अब पोल पर लाइट लगाने, रेलिंग पर जाली लगाने और अन्य शेष कार्यों को पूरा किया जाएगा। इसके बाद अटल सेतु को जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
जर्जर पुलिया से मिलती थी आवागमन में परेशानी-
चोपड़ा ने बताया कि प्राइवेट बस स्टैंड स्थित पुरानी पुलिया काफी जर्जर हो चुकी थी। इसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन और भोपाल स्तर पर प्रयास कर नवीन पुलिया निर्माण की स्वीकृति प्राप्त की गई। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य पूरा कराया गया, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
नई पुलिया बनने से कई क्षेत्रों को मिलेगी राहत-
क्षेत्र के समाजसेवी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि पुरानी रपट जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। बारिश के दिनों में लोगों को बड़ी पुलिया से होकर जाना पड़ता था, जहां जाम की स्थिति भी बन जाती थी। अब नई पुलिया बनने से बस स्टैंड क्षेत्र, वैभव नगर, पटवा कॉम्प्लेक्स, कीर्ति नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को राहत मिलेगी। नई पुलिया के निर्माण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद किरण शर्मा ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान वार्डवासियों से पुलिया निर्माण का वादा किया था, जो सभी के सहयोग से पूरा हुआ है।