मनासा। ग्राम जालिनेर में स्वर्गीय श्रीमती गीताबाई गुर्जर की तेरहवीं (मोसर) के अवसर पर उनके पुत्र बाबूलाल, बंशीलाल एवं गोपाल गुर्जर (सीआरपीएफ) के परिवार की ओर से गुर्जर समाज छात्रावास मनासा के निर्माण हेतु 5 हजार 100 रुपए की सहयोग राशि प्रदान की गई।
इस सराहनीय पहल पर गुर्जर समाज छात्रावास मनासा की ओर से समस्त दानदाताओं एवं परिवारजनों का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान स्वर्गीय गीताबाई गुर्जर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि गुर्जर समाज छात्रावास का निर्माण भावी पीढ़ी को बेहतर शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। ऐसे अवसरों पर समाजहित में दिया गया सहयोग सामाजिक एकता और शिक्षा के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण है।
समाज की ओर से सभी समाजबंधुओं से अपील की गई कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार छात्रावास निर्माण अभियान में सहयोग करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से समाज के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सके।