नीमच। शहर की पुरानी कृषि उपज मंडी में किसानों की उपज की चोरी का मामला सामने आया है। मंगलवार को फसल बेचने पहुंचे एक किसान के टेम्पो से अज्ञात बदमाश 55.5 किलोग्राम अलसी का कट्टा चुराकर ले गए। घटना मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में तीन संदिग्ध टेम्पो के पास आते और कट्टा उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तुलाई में व्यस्त किसान, मौका पाकर कट्टा ले गए संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, ग्राम थडोली निवासी राहुल राठौर (29), पिता राजमल राठौर, मंगलवार को ट्रैक्टर-टेम्पो लेकर अपनी उपज बेचने नीमच कृषि उपज मंडी पहुंचे थे। दोपहर करीब 3:15 बजे वे उड़द की फसल की तुलाई करवा रहे थे। उनका टेम्पो पास ही खड़ा था, जिसमें उड़द के साथ अलसी का एक कट्टा भी रखा हुआ था।
तुलाई पूरी होने के बाद जब राहुल टेम्पो के पास पहुंचे, तो अलसी का कट्टा गायब मिला। उन्होंने आसपास मौजूद किसानों और व्यापारियों से पूछताछ की, लेकिन कट्टे का कोई पता नहीं चला।
CCTV फुटेज में दिखे तीन संदिग्ध
बुधवार रात सामने आए मंडी परिसर के सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध टेम्पो के पास पहुंचते और अलसी का कट्टा उठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
किसान ने बघाना थाने में की शिकायत
घटना से परेशान किसान राहुल राठौर ने बघाना थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर चोरी गया कट्टा बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।