देवरी खवासा। दीपावली का पर्व जहां देशभर में दीपों की रोशनी और खुशियों के साथ मनाया जाता है, वहीं देवरी खवासा में गुर्जर समाज द्वारा इसे मनाने की एक अनूठी और वर्षों पुरानी परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निभाई जा रही है। इस परंपरा में पूर्वजों के प्रति सम्मान, पारिवारिक एकता और सामाजिक भाईचारे की झलक देखने को मिलती है।
दीपावली के अवसर पर गुर्जर समाज के सभी परिवार अपने-अपने घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार करते हैं और उन्हें थालियों में सजाकर गांव के समीप स्थित प्राचीन कुएं पर पहुंचते हैं। यहां समाज के महिला-पुरुष और अन्य सदस्य एकत्रित होकर धूप-ध्यान एवं पूजा-अर्चना के माध्यम से अपने पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं।
इस अवसर पर कुएं के चारों ओर पारंपरिक रूप से बेलवाड़ी लगाई जाती है। समाजजन अपने घरों से लाए गए पकवान श्रद्धा भाव से पूर्वजों को अर्पित करते हैं। समाज की मान्यता है कि जिस प्रकार बेलवाड़ी आगे बढ़ती और लंबी होती जाती है, उसी प्रकार परिवार और वंश भी निरंतर आगे बढ़े तथा सुख-समृद्धि प्राप्त करे।
गुर्जर समाज की यह परंपरा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार और समाज की एकता का भी प्रतीक है। कई वर्षों से चली आ रही इस परंपरा का आज भी समाजजन पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ निर्वहन कर रहे हैं। दीपावली के अवसर पर दो दिनों तक पूर्वजों की श्रद्धा का यह आयोजन चलता है। इस दौरान विशेष धार्मिक परंपराओं और नियमों का पालन किया जाता है। पूजा-विधि पूर्ण होने के बाद सभी समाजजन एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण करते हैं।
परंपरा के अनुसार, श्रद्धा के इन दो दिनों में घरों में भी विशेष नियमों का पालन किया जाता है। कुएं पर पूर्वजों की पूजा-अर्चना और धार्मिक विधियां पूरी होने के बाद यह क्रम संपन्न होता है। इसके पश्चात शाम को सभी समाजजन अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर हर्षाेल्लास के साथ दीपावली मनाते हैं।
देवरी खवासा में गुर्जर समाज की यह अनूठी परंपरा आज भी सांस्कृतिक विरासत, पूर्वजों के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता को जीवंत बनाए हुए है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के साथ ही आपसी प्रेम एवं भाईचारे का संदेश भी देता है।