गरोठ। भानपुरा रोड पर कुंडालिया चरणदास के समीप मुख्य मार्ग पर मगरमच्छ का एक बच्चा मृत अवस्था में मिला। आशंका जताई जा रही है कि सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी।
जानकारी के अनुसार, भाजपा मंडल महामंत्री अनिल मेघवाल गरोठ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर पड़े मगरमच्छ के मृत बच्चे पर पड़ी। उन्होंने तत्काल गरोठ वन विभाग के रेंजर नागूलाल मालवीय को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेंजर मालवीय ने वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा। अनिल मेघवाल ने मृत मगरमच्छ के बच्चे को वन विभाग की टीम के सुपुर्द किया, जिसके बाद टीम उसे अपने साथ ले गई।
समय रहते वन विभाग को सूचना देकर अनिल मेघवाल ने वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और जागरूक नागरिक होने का परिचय दिया। वन्यजीवों की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। सड़क पर वन्यजीव दिखाई देने या इस तरह की कोई घटना होने पर संबंधित विभाग को तत्काल सूचना देना जरूरी है।