सिंगोली। कस्बे में बीती रात चोरों ने वार्ड क्रमांक 9 स्थित जैन मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से चांदी के सिक्के, श्रीफल और नकदी सहित करीब एक लाख रुपए मूल्य की सामग्री चुरा ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और शुरुआती जांच के आधार पर दो संदिग्धों को ट्रेस करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, सुबह पुजारी आशीष शर्मा जब मंदिर पहुंचे तो उन्होंने दीवार पर लगी जाली और दानपात्र टूटी हुई अवस्था में पाया। दानपात्र भी खाली था। इसके बाद उन्होंने श्वेतांबर जैन मूर्तिपूजक संघ के अध्यक्ष विनोद गांधी को घटना की जानकारी दी। विनोद गांधी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिव रघुवंशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और अपने सूचना तंत्र को सक्रिय किया। करीब छह घंटे की जांच के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को ट्रेस किया।
पुलिस के अनुसार, ट्रेस किए गए दोनों संदिग्ध सिंगोली के ही निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और चोरी की वारदात से जुड़े तथ्यों का खुलासा जल्द किया जाएगा।