मंदसौर। जिले के मुल्तानपुरा में नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकले रईस पर फायरिंग के मामले में वायडी नगर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सादिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार रात उसे भुनियाखेड़ी फंटे से पकड़ा। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल भी जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिस्टल राजस्थान के भीलवाड़ा से लेकर आया था। वहीं, वारदात में सहयोगी बताए जा रहे साबिर हड्डी की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस ने मुल्तानपुरा निवासी सादिक पिता रसीद सुसाड़िया के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। उसे रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गोली लगने से घायल युवक का अहमदाबाद में इलाज जारी-
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम 30 वर्षीय रईस पिता बाबू कोड़ा नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकला था। इसी दौरान साबिर हड्डी ने उसे पकड़ लिया और सादिक ने देसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली रईस के बाएं कंधे के ऊपर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां से गोली नहीं निकलने पर चिकित्सकों ने उसे अहमदाबाद भेज दिया। फिलहाल रईस का अहमदाबाद में उपचार जारी है।
युवती से छेड़छाड़ को लेकर चल रहा था विवाद-
घटना के बाद रईस के भाई सद्दाम ने आरोप लगाया था कि सादिक ने पहले उनके परिवार की एक युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों ने इसी रंजिश के चलते रईस पर हमला किए जाने की आशंका जताई थी।
सहयोगी साबिर हड्डी की तलाश जारी-
थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया कि मुल्तानपुरा फायरिंग मामले में सादिक और साबिर हड्डी के नाम सामने आए थे। पुलिस के अनुसार, सादिक ने गोली चलाई थी, जबकि साबिर ने उसका सहयोग किया था। सादिक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल जब्त कर ली गई है। फरार साबिर हड्डी की तलाश जारी है।